RTI आवेदन कैसे करें?
**********
कुछ लोगों ने मुझ से पूछा कि यह बताएँ कि सूचना का अधिकार (RTI) के अंतर्गत आवेदन कैसे करें। इस आलेख के माध्यम से मैं सम्बंधित जानकारी आपको देने का प्रयास कर रहा हूँ। लोकतंत्र में नागरिकों को शासन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2005 में सूचना का अधिकार अधिनियम (Right to Information Act, 2005) लागू किया। इस अधिनियम ने प्रत्येक भारतीय नागरिक को सरकारी विभागों, मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा अन्य लोक प्राधिकरणों से सूचना प्राप्त करने का कानूनी अधिकार प्रदान किया। सूचना का अधिकार (RTI) नागरिकों को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है।
आज डिजिटल युग में RTI आवेदन केवल डाक द्वारा ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन भी प्रस्तुत किया जा सकता है। आइए जानें कि RTI आवेदन कैसे लिखा जाए और ऑनलाइन कैसे जमा किया जाए।
RTI क्या है?
सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 नागरिकों को सरकारी अभिलेखों, दस्तावेजों, आदेशों, रिपोर्टों, नोटशीटों तथा अन्य उपलब्ध सूचनाओं तक पहुँच प्रदान करता है। इसका उद्देश्य शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।
RTI आवेदन लिखने से पहले ध्यान रखने योग्य बातें
RTI आवेदन तैयार करते समय हमें निम्न बातों का ध्यान रखना चाहिए -
- सूचना स्पष्ट और संक्षिप्त रूप में माँगें।
- केवल उपलब्ध अभिलेखों और दस्तावेजों से संबंधित सूचना माँगें।
- प्रश्न पूछने के बजाय रिकॉर्ड, प्रतिलिपि, आदेश, पत्राचार आदि की जानकारी माँगना अधिक प्रभावी होता है।
- सूचना की अवधि (जैसे जनवरी 2024 से दिसंबर 2024 तक) स्पष्ट लिखें।
- एक आवेदन में सीमित और संबंधित विषयों की सूचना माँगें।
- एक आवेदन में केवल एक विषय से संबंधित सूचना ही माँगें। एक आवेदन में एक से अधिक विषय शामिल न करें।
RTI आवेदन कैसे लिखें?
RTI आवेदन के लिए सरकार द्वारा कोई निर्धारित प्रारूप अनिवार्य नहीं किया गया है। साधारण कागज पर भी आवेदन किया जा सकता है। ध्यान रखें कि आवेदन में निम्न जानकारी अवश्य शामिल होनी चाहिए -
- जन सूचना अधिकारी (PIO) का नाम एवं कार्यालय, जिससे आपको सूचना प्राप्त करनी है।
- आवेदक का नाम।
- आवेदक का पूरा डाक पता।
- आवेदक का मोबाइल नंबर अथवा ई-मेल (यदि उपलब्ध हो)।
- माँगी गई सूचना का स्पष्ट विवरण।
- आवेदन शुल्क का विवरण।
- दिनांक और आवेदक द्वारा हस्ताक्षर किए जाने चाहिए।
RTI आवेदन का नमूना
दिनांक: ___________________
सेवा में,
जन सूचना अधिकारी,
________________________ विभाग,
________________________ कार्यालय
विषय - सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अंतर्गत सूचना प्राप्त करने हेतु आवेदन।
महोदय,
कृपया मुझे सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अंतर्गत निम्नलिखित सूचनाएँ उपलब्ध कराने का कष्ट करें—
________________________________________________________________________
________________________________________________________________________
________________________________________________________________________
________________________________________________________________________
उक्त सूचना अवधि _______ से _______ तक की उपलब्ध कराई जाए।
आवेदन शुल्क नियमानुसार निम्न प्रकार जमा कराया गया है, जिसके विवरण निम्न है - ________________________
या
मैं (आवेदक) गरीबी रेखा (BPL) के नीचे हूँ, अतः मुझे शुल्क देने से छूट है। सम्बंधित प्रमाणपत्र की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी संलग्न है।
भवदीय,
हस्ताक्षर ______________
नाम ______________________
पता ______________________
मोबाइल ___________________
ईमेल ______________________
RTI आवेदन शुल्क कितना होता है?
केंद्रीय सरकारी विभागों के लिए वर्तमान में RTI आवेदन शुल्क ₹10 है। गरीबी रेखा से नीचे (BPL) श्रेणी के आवेदकों को आवेदन शुल्क से छूट प्राप्त है। इसके लिए संबंधित प्रमाण-पत्र की प्रति संलग्न करनी होती है।
RTI आवेदन ऑफलाइन कैसे भेजें?
ऑफलाइन आवेदन निम्न माध्यमों में से किसी एक माध्यम से भेजा जा सकता है—
- स्पीड पोस्ट
- रजिस्टर्ड डाक
- व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में जमा करके
आवेदन शुल्क सामान्यतः निम्न माध्यमों से जमा किया जा सकता है -
- इंडियन पोस्टल ऑर्डर (IPO)
- डिमांड ड्राफ्ट (DD)
- बैंकर चेक (पेऑर्डर)
- नकद (जहाँ स्वीकार्य हो)
अधिकांश आवेदक ₹10 का इंडियन पोस्टल ऑर्डर संलग्न करना सुविधाजनक समझते हैं।
क्या RTI आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है?
हाँ। केंद्र सरकार के अनेक मंत्रालयों, विभागों तथा सार्वजनिक प्राधिकरणों के लिए RTI आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत किया जा सकता है। ऑनलाइन RTI प्रणाली के माध्यम से नागरिक घर बैठे आवेदन कर सकते हैं तथा आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं।
ऑनलाइन RTI आवेदन कैसे करें?
ऑनलाइन RTI आवेदन करने के लिए निम्न चरण अपनाएँ -
चरण 1 - RTI पोर्टल पर जाएँ। केंद्रीय RTI ऑनलाइन पोर्टल खोलें। केंद्रीय सरकार के मंत्रालयों, विभागों और अनेक केंद्रीय सार्वजनिक प्राधिकरणों के लिए आधिकारिक RTI ऑनलाइन पोर्टल है - क्लिक करें https://rtionline.gov.in/
चरण 2 - "Submit Request" विकल्प चुनें। निर्देशों को पढ़कर आगे बढ़ें।
चरण 3 - विभाग का चयन करें। जिस मंत्रालय, विभाग अथवा सार्वजनिक प्राधिकरण से सूचना चाहिए उसका चयन करें।
चरण 4 - आवेदक का विवरण भरें। नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी आदि जानकारी दर्ज करें।
चरण 5 - सूचना का विवरण लिखें। जिस सूचना की आवश्यकता है उसे स्पष्ट और संक्षिप्त भाषा में लिखें।
चरण 6 - दस्तावेज अपलोड करें (यदि आवश्यक हो) संबंधित प्रमाण-पत्र या अन्य दस्तावेज अपलोड किए जा सकते हैं।
चरण 7 - आवेदन शुल्क जमा करें। ऑनलाइन भुगतान UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग माध्यम से किया जा सकता है।
चरण 8 - आवेदन जमा करें। भुगतान पूर्ण होने के बाद आवेदन जमा हो जाएगा और एक पंजीकरण संख्या (Registration Number) प्राप्त होगी।
ध्यान दें कि उपर्युक्त पोर्टल मुख्यतः केंद्रीय सरकारी विभागों के लिए है। कई राज्य सरकारों ने अपने अलग RTI पोर्टल विकसित किए हैं, जबकि कुछ राज्यों में अभी भी RTI आवेदन डाक या व्यक्तिगत रूप से जमा किए जाते हैं। इसलिए राज्य सरकार से संबंधित सूचना माँगने से पहले संबंधित राज्य के RTI पोर्टल या प्रक्रिया की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
ऑनलाइन RTI आवेदन के लाभ
- घर बैठे आवेदन की सुविधा।
- डाक खर्च की आवश्यकता नहीं।
- आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं।
- भुगतान की डिजिटल सुविधा।
- समय और श्रम की बचत।
RTI का प्रभावी उपयोग कैसे करें?
RTI का उद्देश्य किसी व्यक्ति या अधिकारी को परेशान करना नहीं, बल्कि शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इसलिए सूचना माँगते समय तथ्यों, अभिलेखों और दस्तावेजों पर आधारित जानकारी ही माँगनी चाहिए।
निष्कर्ष
सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 भारतीय नागरिकों को सशक्त बनाने वाला एक महत्वपूर्ण कानून है। आज ऑनलाइन RTI सुविधा ने सूचना प्राप्त करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बना दिया है। यदि नागरिक इस अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, तो शासन में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। सूचना नागरिक का अधिकार है और पारदर्शिता सुशासन की पहचान।
सादर,
केशव राम सिंघल

